इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्र से कथित मारपीट, दिशा ने सुरक्षाकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप
प्रयागराज के इलाहाबाद विश्वविद्यालय में दिशा छात्र संगठन के सदस्य प्रियांशु कुमार ने सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए मामले को अलग तरीके से प्रस्तुत किया।

प्रयागराज।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर में दिशा छात्र संगठन के सदस्य एवं दर्शनशास्त्र विभाग के छात्र प्रियांशु कुमार ने विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। छात्र का दावा है कि दस्तावेज सत्यापन के बाद लौटते समय सीनेट गेट के पास उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं।
प्रियांशु कुमार के अनुसार, ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने और शुल्क जमा करने के बाद सोमवार को उन्हें दर्शनशास्त्र विभाग में दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया था। सत्यापन के बाद लौटते समय उन्होंने सीनेट गेट के सामने कुछ छात्रों को प्रदर्शन करते देखा और वह किनारे खड़े होकर प्रदर्शन देख रहे थे।
छात्र का आरोप है कि इसी दौरान कुछ सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग उनके पास पहुंचे, गाली-गलौज की और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि उनका गला दबाने की कोशिश की गई, थप्पड़ और घूंसे मारे गए तथा बेल्ट खींचने से उनके पेट पर गहरी चोटें आईं।
प्रियांशु ने यह भी आरोप लगाया कि घटना चीफ प्रॉक्टर अतुल नारायण सिंह के सामने हुई, लेकिन उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से सवाल पूछने के बजाय उन्हें ही धमकाया। छात्र का कहना है कि घटना का वीडियो फुटेज भी मौजूद है।
वहीं, इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने पक्ष में कहा कि लंबे समय से कुछ तथाकथित छात्र विश्वविद्यालय में पठन-पाठन बाधित करने, कुलपति के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाने, आवागमन रोकने और अनधिकृत रूप से परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन ने संकेत दिया कि इसी पृष्ठभूमि में परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की जा रही है।





