ताज़ा ख़बरप्रयागराजलखनऊ

मानसिक रूप से बीमार किशोर को चोर समझकर पेड़ से बांधकर पीटने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से बीमार 16 वर्षीय किशोर को चोर समझकर पेड़ से बांधकर मारपीट करने का आरोप। पीड़ित परिवार ने ब्लेड, सूजे से हमला और घावों पर नमक-मिर्च डालने का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रयागराज।

सोरांव थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय मानसिक रूप से बीमार किशोर को चोर समझकर पकड़ने और उसे पेड़ से बांधकर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि किशोर पर ब्लेड और सूजे से हमला किया गया तथा उसके घावों पर नमक और मिर्च भी डाली गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सोरांव थाना क्षेत्र के धरिकार का पूरा (मौजा अब्दालपुर खास) निवासी 16 वर्षीय शिवम लंबे समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है। सोमवार तड़के वह घर से निकलकर गांव के बाहर नहर की ओर चला गया था।

परिजनों का आरोप है कि नहर के पास मौजूद कुछ लोगों ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया और अपने घर ले जाकर नीम के पेड़ से बांध दिया। इसके बाद लाठी-डंडों, गड़ासे, ब्लेड और सूजे से उसकी पिटाई की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट में एक महिला भी शामिल थी।

पीड़ित की मां के अनुसार, सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचीं तो उनका बेटा खून से लथपथ और अचेत अवस्था में मिला। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया।

परिवार का आरोप है कि पुलिस बुलाने से नाराज आरोपियों ने उन्हें भी पीटा और किशोर के घावों पर नमक और मिर्च डाल दी। पुलिस के पहुंचने के बाद किशोर को छुड़ाकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button