प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई डिजिटल OPD पर्ची सुविधा, अब घर बैठे करें रजिस्ट्रेशन, लंबी लाइन से मिलेगी राहत
प्रतापगढ़ के डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज में डिजिटल OPD रजिस्ट्रेशन सुविधा शुरू हुई। मरीज QR/बारकोड स्कैन कर ABHA ID के जरिए घर बैठे पंजीकरण और टोकन नंबर प्राप्त कर सकेंगे। जानें पूरी प्रक्रिया।

प्रतापगढ़।
डॉ. सोनेलाल पटेल स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध अस्पताल में मरीजों को ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतार में लगने से राहत मिलेगी। अस्पताल प्रशासन ने डिजिटल रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की है। मरीज अपने मोबाइल से क्यूआर/बारकोड स्कैन कर घर बैठे पंजीकरण करा सकेंगे और टोकन नंबर प्राप्त कर सकेंगे।
डिजिटल रजिस्ट्रेशन के लिए मरीज को दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करने के बाद ABHA ID से लॉगिन कर आवश्यक जानकारी भरनी होगी। रजिस्ट्रेशन पूरा होने पर स्क्रीन पर टोकन नंबर प्रदर्शित होगा। मरीज इसका स्क्रीनशॉट लेकर अथवा टोकन नंबर सुरक्षित रखकर अस्पताल पहुंचेगा। वहां ABHA काउंटर पर टोकन नंबर बताने के बाद ओपीडी पर्ची उपलब्ध करा दी जाएगी।
अस्पताल प्रशासन ने मरीजों से डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही ओपीडी पर्ची का शुल्क केवल अधिकृत काउंटर पर ही जमा करने की चेतावनी दी गई है। किसी व्यक्ति, एजेंट या अन्य माध्यम से भुगतान नहीं करने को कहा गया है। अस्पताल प्रशासन ने ऑनलाइन भुगतान से भी बचने की सलाह दी है, जब तक अस्पताल की ओर से आधिकारिक सुविधा उपलब्ध न कराई जाए।



