डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज, कुलपति ने दिए अहम निर्देश
अयोध्या स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में 31वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने समीक्षा बैठक की। सभी समितियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अयोध्या।
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले 31वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें दीक्षांत समारोह से जुड़ी सभी समितियों के संयोजकों ने अब तक की तैयारियों की जानकारी दी।
बैठक में कुलपति ने वार्षिक पत्रिका के प्रकाशन, ‘शमा-बेटी सम्मेलन’, दीक्षांत मंच, कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, उपाधि वितरण प्रक्रिया, मंच संचालन, अतिथियों के स्वागत एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा दीक्षांत समारोह
कुलपति ने बताया कि इस वर्ष दीक्षांत समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। साथ ही परिसर की साफ-सफाई और सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का सबसे महत्वपूर्ण और गरिमामय आयोजन है, इसलिए सभी समितियों के संयोजक अपने दायित्वों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्वहन करें ताकि आयोजन यादगार और अनुकरणीय बन सके।
बैठक में कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, प्रो. एस.एस. मिश्र, प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा, प्रो. अनूप कुमार, प्रो. सी.के. मिश्र, प्रो. फर्रुख जमाल, प्रो. एस.के. रायजादा, प्रो. तुहिना वर्मा, प्रो. पी.के. द्विवेदी, प्रो. गंगा राम मिश्र, प्रो. सुरेन्द्र मिश्र, डॉ. विनोद कुमार चौधरी, डॉ. महिमा चौरसिया, उपकुलसचिव ए.के. गौतम, डॉ. राजेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





