LLM छात्र ने डिग्री जारी न होने पर राज्यपाल से लगाई गुहार, विश्वविद्यालय प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के एलएलएम छात्र पवन कुमार ने डिग्री जारी न होने का आरोप लगाते हुए राज्यपाल से न्याय की गुहार लगाई। छात्र ने विश्वविद्यालय प्रशासन और एक प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगाए तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।

लखनऊ।
महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के एलएलएम अंतिम वर्ष के छात्र पवन कुमार ने डिग्री जारी न किए जाने का आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश की राज्यपाल से न्याय की गुहार लगाई है। सोमवार को लखनऊ पहुंचकर उन्होंने राज्यपाल से मिलने का प्रयास किया। मुलाकात नहीं हो पाने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन और विधि विभाग की एक प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगाए।
पवन कुमार का कहना है कि उन्होंने इससे पहले भी अपनी समस्या सार्वजनिक की थी, लेकिन अब तक उनकी डिग्री जारी नहीं की गई। उनका आरोप है कि विभाग की एक शिक्षिका ने उनके साथ जातिगत और मानसिक उत्पीड़न किया तथा अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें आंतरिक परीक्षा में जानबूझकर कम अंक दिए गए, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
छात्र के अनुसार, एलएलएम अंतिम वर्ष प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने के बावजूद परीक्षा परिणाम में “RD Disciplinary Enquiry” अंकित होने के कारण उनकी डिग्री जारी नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि इससे वे उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों से वंचित हो रहे हैं।
पवन कुमार ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद उन्हें कोई राहत नहीं मिली और न ही किसी जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक की गई। उन्होंने राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उन्हें व्यक्तिगत रूप से अपना पक्ष रखने का अवसर देने की मांग की है।
छात्र ने बताया कि उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र के साथ अंकपत्र, परीक्षा परिणाम, पूर्व में की गई शिकायतों और अन्य संबंधित दस्तावेज भी संलग्न किए हैं।





