यूपी की कानून व्यवस्था पर पुलिस मुख्यालय की पैनी नजर, डीजीपी राजीव कृष्ण ने कंट्रोल रूम से की समीक्षा
डीजीपी राजीव कृष्ण ने पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से प्रदेशभर की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। वरिष्ठ अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने, अफवाहों पर निगरानी रखने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। बुधवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से प्रदेशभर की सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस मुख्यालय से सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क कर सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी ली गई। जिलों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता के निर्देश
डीजीपी ने सभी पुलिस आयुक्तों, परिक्षेत्रीय अधिकारियों और जिला पुलिस प्रमुखों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल एवं प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।
सोशल मीडिया पर भी रखी जा रही नजर
पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों पर भी विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा आमजन के साथ संवाद बनाए रखते हुए शांति और सौहार्द का वातावरण कायम रखा जाए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
डीजीपी राजीव कृष्ण ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
पुलिस मुख्यालय ने कहा कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल और संसाधन भी तत्काल उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि प्रदेश में सामान्य जनजीवन सुचारु रूप से चलता रहे।





