प्रतापगढ़ में बिगड़ैल सांड का हमला: घर के बाहर खड़े अधेड़ को पटक-पटककर मार डाला, गांव में दहशत
प्रतापगढ़ के कोहड़ौर थाना क्षेत्र के समुदरिया का पुरवा गांव में बिगड़ैल सांड के हमले में कृष्ण कुमार दूबे की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है और प्रशासन से हिंसक सांड को पकड़ने की मांग उठी है।

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में आवारा और हिंसक पशुओं का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के समुदरिया का पुरवा गांव में सोमवार को एक बिगड़ैल सांड ने घर के बाहर खड़े अधेड़ पर अचानक हमला कर दिया। सांड ने उन्हें कई बार पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कृष्ण कुमार दूबे के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह अपने घर के बाहर खड़े थे तभी बिगड़ैल सांड उनकी ओर दौड़ा और हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर सांड पास के बाग की ओर भाग गया।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल कृष्ण कुमार दूबे को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि यही सांड पहले भी कई लोगों को घायल कर चुका है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से उसे पकड़ने की कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। अब इस हादसे के बाद लोगों में भय का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से हिंसक सांड को तत्काल पकड़वाने तथा आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में आवारा पशुओं के बढ़ते खतरे और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





