
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। नगर क्षेत्र स्थित सई नदी के खीरी बीर घाट पर घूमने गए तीन किशोर उफनाई नदी के तेज बहाव में डूब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और गोताखोरों की टीम तीनों की तलाश में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर क्षेत्र के अचलपुर लेखपाल कॉलोनी निवासी कृष्णा सोनी (13) पुत्र रामजी सोनी, अनुराग सोनी (15) पुत्र रामजी सोनी तथा अमित सोनी (16) पुत्र राजू सोनी रविवार सुबह सई नदी के खीरी बीर घाट पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीनों नदी में उतर गए, लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आने से डूब गए। इनमें कृष्णा और अनुराग आपस में सगे भाई हैं।
घटना के दौरान नदी में मौजूद मछुआरों ने किशोरों को डूबते देखा और शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाल सुभाष यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। समाचार लिखे जाने तक तीनों किशोरों की तलाश जारी थी।
उधर, हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। बच्चों के नदी में डूबने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया और मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में उफनाई नदियों और गहरे जलाशयों में उतरने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें।





