कांवड़ यात्रा से पहले एक्शन में एसपी दीपक भूकर, शहर में पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था
कांवड़ यात्रा से पहले प्रतापगढ़ के एसपी दीपक भूकर ने शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। पुलिस को सतर्क रहने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रतापगढ़। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर गुरुवार को पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए।
उन्होंने क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा के साथ नगर कोतवाली क्षेत्र के घंटाघर, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। 
गश्त के दौरान एसपी ने प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और धार्मिक स्थलों का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए एसपी ने यात्रा मार्गों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ पुलिस कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से भी संवाद किया तथा उनसे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु या असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद पुलिस आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 घंटे मुस्तैद है।
एसपी की पैदल गश्त से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की। इस दौरान नगर कोतवाली पुलिस सहित पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।





