
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के विक्रम चौराहे के पास गुरुवार रात एक 19 वर्षीय नर्स का शव संदिग्ध परिस्थितियों में किराये के कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान कोहंडौर थाना क्षेत्र के गहरौली गांव निवासी स्वर्गीय अशोक कुमार की पुत्री लक्ष्मी पटेल (19) के रूप में हुई। वह अपनी छोटी बहन ज्योति पटेल के साथ विक्रम चौराहे के पास किराये के मकान में रहती थीं। दोनों बहनें जेल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थीं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे ड्यूटी समाप्त कर छोटी बहन ज्योति कमरे पर पहुंचीं। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद मकान मालिक की मौजूदगी में पीछे का दरवाजा खोला गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। लक्ष्मी का शव कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटी की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी की शादी वर्ष 2027 में तय थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में मां, दो भाई और दो बहनें हैं। लक्ष्मी सबसे बड़ी संतान थीं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से मोबाइल फोन सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। सिटी क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





