शीतल पेयजल उपलब्ध कराना मानव सेवा का श्रेष्ठ कार्य: डॉ एसपी पटेल
प्रतापगढ़ जिला कचहरी परिसर में सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल ने आरओ प्लांट और वाटर कूलर का लोकार्पण किया। उन्होंने शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने को मानव सेवा का श्रेष्ठ कार्य बताते हुए अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया।

प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ एस.पी. सिंह पटेल ने सोमवार को जिला कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं एवं वादकारियों की सुविधा के लिए स्थापित आर.ओ प्लांट एवं वाटर कूलर का फीता काटकर लोकार्पण किया।
इस अवसर पर सांसद डॉ. पटेल ने कहा कि जलदान सबसे बड़ा दान होता है। भीषण गर्मी के मौसम में शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना मानव सेवा का श्रेष्ठ कार्य है।
उन्होंने कहा कि कचहरी में प्रतिदिन हजारों लोग विभिन्न कार्यों से आते हैं, ऐसे में आर.ओ. प्लांट एवं वाटर कूलर की व्यवस्था लोगों को बड़ी राहत प्रदान करेगी।
उद्घाटन के उपरांत सांसद डॉ पटेल ने कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि कचहरी परिसर की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष आशुतोष, कृष्णा मिश्रा, अखिलेश पटेल, रामराज ओझा, मोहम्मद फरीद, जाबिर, संतोष चौधरी, सुनील कुमार, विशाल मौर्य, बी एल वर्मा, सांसद मीडिया वकार अहमद आदि लोग मौजूद रहे।





