प्रतापगढ़ जिले की पुलिस को मिली चार नई डायल-112 गाड़ियां, एसपी ने दिखाई हरी झंडी
प्रतापगढ़ में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने चार नई डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नए वाहनों से आपातकालीन पुलिस सेवा, गश्त, रिस्पॉन्स टाइम और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

प्रतापगढ़। जिले की आपातकालीन पुलिस सेवा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने चार नई डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले में गश्त, त्वरित पुलिस सहायता और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में उपयोग किए जाएंगे।
एसपी दीपक भूकर ने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से डायल-112 का रिस्पॉन्स टाइम कम होगा और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच पहले से अधिक तेज होगी। इससे आपातकालीन घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई, थाना पुलिस और डायल-112 के बीच बेहतर समन्वय तथा अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि पुलिसिंग के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और भविष्य में पुरानी गाड़ियों को भी चरणबद्ध तरीके से बदला जाएगा। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, डायल-112 प्रभारी दौलत यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में एसपी ने पुलिसकर्मियों को जनसेवा के प्रति संवेदनशील और प्रतिबद्ध रहते हुए आमजन को शीघ्र एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।





