जीआईसी मैदान पहुंची मंडलायुक्त और आईजी, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रतापगढ़ दौरे से पहले मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल और आईजी अजय मिश्रा ने जीआईसी मैदान पहुंचकर सुरक्षा व कार्यक्रम व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों को तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को प्रस्तावित प्रतापगढ़ दौरे से पूर्व प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सोमवार को प्रयागराज मंडल की मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल और प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री अजय मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित अन्य अधिकारियों के साथ राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के हेलिपैड से कार्यक्रम स्थल तक के रूट, वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, मंच, दर्शक दीर्घा, कंट्रोल रूम, ड्यूटी प्वाइंट्स, यातायात एवं रूट डायवर्जन, आपातकालीन निकासी योजना, अग्निशमन तथा चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। संबंधित विभागों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कार्यक्रम में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त और आईजी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं और कानून-व्यवस्था के प्रत्येक पहलू पर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया, ताकि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।



