किसानों का जोरदार प्रदर्शन, मुआवजे को लेकर भड़का आक्रोश
प्रतापगढ़ के लालगंज क्षेत्र के बेलहा गांव में बाईपास निर्माण के लिए अधिगृहीत भूमि का मुआवजा न मिलने से किसानों में आक्रोश फैल गया। किसानों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया, जबकि किसान यूनियन ने मुआवजा भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

प्रतापगढ़। बाईपास के लिए अधिगृहीत भूमि के मुआवजा से वंचित किसानो में सोमवार को प्रशासनिक लापरवाही को लेकर आक्रोश पनप उठा। लालगंज तहसील के बेलहा गांव मे नाराज किसानो ने सोमवार को जमकर विरोध प्रदर्शन भी किया।
एसडीएम लालगंज शैलेन्द्र वर्मा का कहना है कि प्रभावित किसानों के प्रार्थना पत्रों की पड़ताल कर मुआवजे के बाबत शीघ्र उचित कार्रवाई की जाएगी।
लालगंज के बेलहा गांव से राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को लेकर बाईपास के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई है। इसको लेकर बेलहा गांव के किसानों की लगभग छह बीघे जमीन बाईपास के लिए अधिगृहीत हुई है।
नाराज किसानों का कहना है कि अधिग्रहण को लेकर पहले उन्हें कोई नोटिस नहीं दी गयी। वही किसानों का दर्द यह है कि उनकी जमीन का अधिग्रहण करने पर कोई मुआवजा भी अभी तक नही दिया गया है। इस मामले को लेकर किसानों ने डीएम के समाधान दिवस मे भी शिकायत दर्ज करवायी थी।
वहीं किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राव वीरेन्द्र सिंह ने चेताया है कि प्रभावित किसानों को मुआवजा का भुगतान किये बगैर निर्माण कार्य को लेकर उनका संगठन अनवरत धरना प्रदर्शन शुरू करेगा।





