चित्रकूट के पेयजल संकट पर सपा का सरकार पर तीखा हमला
चित्रकूट में पेयजल को लेकर पहाड़ी ब्लाक पर बच्चों ने प्रदर्शन किया इसे देखते हुए सपा इसे भुनाने में लग गई है सपा प्रमुख ने इसको लेकर सरकार को घेरने का प्रयास शुरू कर दिया है

चित्रकूट I जिले में गहराते पेयजल संकट को लेकर समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। सपा ने आरोप लगाया कि चित्रकूट में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे पानी के लिए परेशान हैंI इधर सरकार विकास और विकसित भारत के दावे कर रही है।
सपा प्रमुख ने कहा कि चित्रकूट के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट गंभीर बना हुआ है। पार्टी ने कुछ दिन पहले पहाड़ी ब्लॉक मुख्यालय पर हुए ग्रामीणों के धरना-प्रदर्शन का भी उल्लेख किया। सपा के अनुसार, पानी की समस्या से नाराज ग्रामीणों ने ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन किया था और इस दौरान आरओ प्लांट के लिए पानी ले जा रहे वाहन को भी अंदर नहीं जाने दिया था। ग्रामीणों का कहना था कि जब गांवों में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है तो अन्य कार्यों के लिए पानी उपलब्ध कराना उचित नहीं है।
सपा ने कहा कि पानी के लिए लोगों को प्रदर्शन करना पड़ रहा हैI इससे सरकार के विकास संबंधी दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन जैसी योजनाएं अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रही हैं और कई स्थानों पर लोगों को आज भी पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। लोगों का प्रदर्शन इसे उदाहरण माना जा सकता है
सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि “हर घर जल” का नारा जमीनी स्तर पर साकार होता नहीं दिख रहा है। पार्टी ने सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर पेयजल संकट का समाधान करने और प्रभावित क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में चित्रकूट के कई इलाकों में पेयजल संकट की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिसके चलते ग्रामीणों का आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है। हालांकि, सपा के आरोपों पर सरकार या प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।





